केंद्रीय बजट पर छत्तीसगढ़ के नेताओं की प्रतिक्रिया- रमन सिंह बोले ऐतिहासिक, मंत्रियों ने बताया विकासोन्मुखी

रायपुर। संसद में केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा केंद्रीय बजट पेश किए जाने के बाद छत्तीसगढ़ में राजनीतिक प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, मंत्री राजेश अग्रवाल और भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिश ने बजट की सराहना करते हुए इसे विकास की दिशा में मजबूत कदम बताया है।
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कहा कि केंद्रीय वित्त मंत्री द्वारा 9वीं बार बजट पेश करना ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने बताया कि देश में दूसरी बार रविवार को बजट पेश हुआ है। इससे पहले वर्ष 1999 में एनडीए सरकार के दौरान यशवंत सिन्हां ने रविवार को बजट पेश किया था। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विजन 2047” के अनुरूप है और भारत के समग्र विकास को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है।
उन्होंने बताया कि बजट में अधोसंरचना पर विशेष फोकस किया गया है और कैपेक्स 11 लाख करोड़ रुपये से बढ़ाकर 12 लाख करोड़ रुपये किया गया है, जिससे छत्तीसगढ़ को भी मजबूती मिलेगी।
डॉ. रमन सिंह ने यह भी जानकारी दी कि 23 फरवरी से छत्तीसगढ़ विधानसभा का बजट सत्र शुरू होगा। कुल 15 बैठकें होंगी। पहले और दूसरे दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा और होली को छोड़कर लगातार सत्र की कार्यवाही चलेगी।
केंद्रीय बजट पर मंत्री राजेश अग्रवाल ने कहा कि यह बहुत अच्छा बजट है, जिसमें युवाओं, किसानों, माताओं और समाज के सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने कहा कि इस बजट से छत्तीसगढ़ को सीधा लाभ मिलेगा। छोटे शहरों के तीर्थ स्थलों के विकास से पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही पुरातत्व विभाग के विकास के लिए भी विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे प्रदेश के संस्कृति और पर्यटन विभाग को लाभ होगा। कांग्रेस की आलोचना पर मंत्री ने कहा कि जनता कांग्रेस की स्थिति को भली-भांति जानती है और उस पर भरोसा नहीं करती।
वहीं, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष और भाजपा के वरिष्ठ विधायक धरमलाल कौशिश ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 की तैयारी के अनुरूप है। इसमें युवा, किसान, महिलाएं और श्रमिक सभी वर्गों का ध्यान रखा गया है। उन्होंने दावा किया कि इस बजट से देश के विकास में क्रांतिकारी बदलाव आएगा और आने वाले समय में आम लोगों के जीवन पर इसका व्यापक असर दिखेगा।





