रायपुर में बैडमिंटन खेलते समय कारोबारी की हार्ट अटैक से मौत, सीसीटीवी में कैद हुई घटना

रायपुर में रविवार सुबह बैडमिंटन खेलते समय 57 वर्षीय कारोबारी अमृत बजाज की अचानक मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया था।

जानकारी के मुताबिक, ईदगाहभाठा निवासी अमृत बजाज अश्वनीनगर स्थित सोनकर बाड़ी के ओपन कोर्ट में अपने दोस्तों के साथ बैडमिंटन खेल रहे थे। खेल शुरू होने के कुछ ही मिनट बाद दूसरे शॉट के दौरान शटल उठाने के लिए झुकते समय वे अचानक जमीन पर गिर पड़े।

साथी खिलाड़ियों ने तुरंत उन्हें संभालने की कोशिश की। पानी के छींटे मारे गए और तौलिये से हवा दी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। इसके बाद उन्हें तत्काल रायपुरा स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में वे सामान्य रूप से खेलते दिखाई दे रहे हैं। पहला शॉट खेलने के बाद जैसे ही वे दूसरे शॉट के लिए झुकते हैं, अचानक गिर पड़ते हैं। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी प्रसारित हो रहा है।

परिवार के सदस्यों के अनुसार अमृत बजाज अनुशासित जीवनशैली अपनाते थे। कोरोना काल के बाद उन्होंने नियमित व्यायाम और बैडमिंटन को अपनी दिनचर्या में शामिल कर लिया था। परिजनों का कहना है कि वे दुर्व्यसनों से दूर रहते थे और फिटनेस को लेकर सजग थे।

हृदय रोग विशेषज्ञों के अनुसार कार्डियक अरेस्ट की स्थिति में हृदय अचानक काम करना बंद कर देता है, जिससे शरीर में रक्त संचार रुक जाता है। ऐसे मामलों में तुरंत सीपीआर और आपात चिकित्सा सहायता ही जीवन बचाने का एकमात्र प्रभावी उपाय होता है।

चिकित्सकों का कहना है कि 40 वर्ष से अधिक आयु के लोगों को नियमित हृदय जांच करानी चाहिए। यदि खेल या व्यायाम के दौरान सीने में दर्द, अत्यधिक पसीना, घबराहट, सांस फूलना या चक्कर आने जैसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत गतिविधि रोककर चिकित्सकीय परामर्श लेना आवश्यक है। साथ ही खेल स्थलों पर प्राथमिक उपचार और सीपीआर की जानकारी उपलब्ध होना भी जरूरी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button