परीक्षा पे चर्चा में बिलासपुर ने रचा इतिहास, 3 लाख से ज्यादा छात्रों ने लिया हिस्सा

बिलासपुर।शिक्षा और प्रेरणा से जुड़ी एक बड़ी और सकारात्मक खबर बिलासपुर से सामने आई है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परीक्षा पे चर्चा कार्यक्रम के नौवें संस्करण में बिलासपुर जिले से 3 लाख से अधिक छात्र, शिक्षक और अभिभावक जुड़े। इस रिकॉर्ड सहभागिता ने जिले में नया इतिहास रच दिया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह कार्यक्रम शुक्रवार को देशभर के साथ-साथ बिलासपुर में भी पूरे उत्साह के साथ आयोजित हुआ। जिले का मुख्य कार्यक्रम जल संसाधन विभाग के प्रार्थना भवन में हुआ, जहां बड़ी संख्या में विद्यार्थी और शिक्षक उपस्थित रहे। प्रधानमंत्री ने छात्रों से सीधा संवाद कर परीक्षा के तनाव को दूर करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और सकारात्मक सोच अपनाने का संदेश दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज का युग तकनीक और नवाचार का है। छात्रों को स्किल डेवलपमेंट पर ध्यान देने के साथ-साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का सही और सकारात्मक उपयोग करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि एआई केवल मनोरंजन का साधन नहीं, बल्कि पढ़ाई को आसान, रोचक और प्रभावी बनाने का एक मजबूत माध्यम है। कठिन विषयों को समझने और नई जानकारी हासिल करने में एआई छात्रों का सशक्त सहायक बन सकता है।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि छात्र तकनीक के गुलाम न बनें, बल्कि तकनीक को अपना सहायक बनाएं। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि भविष्य केवल डिग्री से नहीं, बल्कि कौशल से तय होगा, इसलिए पढ़ाई के साथ हुनर विकसित करना बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का लाइव प्रसारण बिलासपुर जिले के 131 परीक्षा केंद्रों, सभी शासकीय स्कूलों और ग्राम पंचायतों में किया गया। ग्रामीण क्षेत्रों में भी छात्रों और अभिभावकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। इस बार जिले से रिकॉर्ड पंजीकरण हुआ, जिसने कार्यक्रम को ऐतिहासिक बना दिया।
प्रधानमंत्री ने अभिभावकों को भी महत्वपूर्ण संदेश देते हुए कहा कि बच्चों पर अंकों का अनावश्यक दबाव न डालें, बल्कि उनकी रुचि, प्रतिभा और क्षमता को पहचानें। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने परीक्षा को बोझ नहीं, बल्कि उत्सव की तरह लेने का संकल्प लिया।
प्रधानमंत्री के प्रेरक शब्दों से छात्र खुद को एग्जाम वारियर महसूस करते नजर आए। तकनीक, एआई और स्किल के सही संतुलन के साथ बिलासपुर के छात्र आने वाली बोर्ड परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार दिखाई दे रहे हैं।





