छॉलीवुड प्रोड्यूसर पर गर्लफ्रेंड से मारपीट का आरोप, अस्पताल से डिस्चार्ज हुई पीड़िता, शिकायत का इंतजार

छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री के निर्माता और निर्देशक मोहित साहू पर अपनी गर्लफ्रेंड के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना के बाद घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के बाद उसे डिस्चार्ज कर दिया गया है। फिलहाल पीड़िता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिसके चलते पुलिस आगे की कार्रवाई के लिए उसका इंतजार कर रही है।
आरोप है कि मोहित साहू ने युवती को उज्जैन ले जाकर उससे शादी की थी, लेकिन बाद में दूसरी शादी की बात कहकर अपने वादे से मुकर गया। जब युवती ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए उसके साथ बेरहमी से मारपीट की।
यह मामला पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट का बताया जा रहा है। पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं, जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है।
घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है, जिसमें युवती के सिर से खून बहता दिखाई दे रहा है। वीडियो को देखकर आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया था। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।
बताया जा रहा है कि घटना के दौरान कॉलोनी के सुरक्षाकर्मी और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ते देख मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगी, ताकि मामला बाहर न जाए।
मारपीट के बाद पुलिस ने युवती को मेडिकल जांच के लिए अस्पताल भेजा था। इलाज के दौरान उसकी हालत में सुधार हुआ और बाद में उसे डिस्चार्ज कर दिया गया। पुलिस का कहना है कि मेडिकल रिपोर्ट, वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल आरोपी निर्माता की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, पीड़िता की लिखित शिकायत मिलने के बाद मामले में कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की जाएगी।





