श्रद्धालुओं से भरी बोलेरो हादसे का शिकार, 1 की मौत; 4 की हालत गंभीर

सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर जिले के ओड़गी थाना क्षेत्र के बांक में बीती रात एक गंभीर सड़क हादसा हुआ।

दर्शनार्थियों से भरी बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे पेड़ से जा भिड़ी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

जानकारी के अनुसार, श्रद्धालु मध्यप्रदेश के कुंभिया गांव से कुदरगढ़ धाम दर्शन करने आए थे। दर्शन पूरा कर लौटते समय बांक क्षेत्र में वाहन हादसे का शिकार हो गया। हादसे में एक श्रद्धालु की तुरंत मृत्यु हो गई, जबकि चार अन्य की हालत गंभीर बताई जा रही है। इसके अलावा तीन यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं।

घटना की सूचना मिलते ही ओड़गी पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ओड़गी पहुंचाया गया। वहां उनका उपचार किया जा रहा है और हालत नाजुक घायलों पर चिकित्सकों की निगरानी जारी है।

पुलिस ने दुर्घटना के बाद मर्ग दर्ज कर मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार वाहन के ब्रेक फेल होने या ड्राइवर की लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह हो सकती है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही वास्तविक कारण सामने आएगा।

स्थानीय प्रशासन और पुलिस इस बात की पुष्टि कर रहे हैं कि भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सड़क सुरक्षा उपायों और यातायात नियमों के पालन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button