रायपुर में दफन मिली युवक की लाश, टैटू से हुई पहचान; दूसरे मामले में एक महीने पुराना नरकंकाल बरामद

छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में दो अलग-अलग स्थानों से एक युवक की दफन लाश और एक नरकंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। दोनों मामलों में पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हत्या की आशंका जताई जा रही है।

पहली घटना अभनपुर क्षेत्र के भरेंगाभाटा गांव की है, जहां सुनसान इलाके में जमीन में दफन एक शव मिला। ग्रामीणों ने जमीन से बाहर निकले हाथ-पैर देखे तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर खुदाई कराई और शव को बाहर निकाला।

शव की पहचान हाथ में बने टैटू के आधार पर नितेश बत्रा के रूप में की गई, जो शदाणी दरबार क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि युवक की हत्या कर शव को जमीन में गाड़ दिया गया था। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच जारी है।

दूसरी घटना उरला औद्योगिक क्षेत्र के मेटल पार्क इलाके की है, जहां एक महीने पुराना नरकंकाल मिला है। कपड़ों और अन्य संकेतों के आधार पर मृतक की पहचान दिलीप नामक व्यक्ति के रूप में की गई है, जो पिछले एक महीने से लापता था।

मौके पर पहुंची पुलिस, क्राइम ब्रांच और फोरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है। चूंकि शव पूरी तरह गल चुका है, इसलिए मौत के कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

पुलिस दोनों मामलों को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि घटनाओं की सच्चाई सामने आ सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button