मंगला के धुरी पारा में खूनी स्टंट, खुद को ‘डॉन’ समझने की सनक में नाबालिग पर जानलेवा हमला, क्षेत्र में दहशत

बिलासपुर के मंगला इलाके के धुरी पारा से एक बेहद गंभीर और डराने वाली घटना सामने आई है। नशे और खुद को ‘डॉन’ दिखाने की सनक में कुछ युवकों ने एक नाबालिग पर जानलेवा हमला कर दिया।
जानकारी के अनुसार, एक नाबालिग साइकिल से घर लौट रहा था। इसी दौरान बाइक सवार कुछ युवक उसके पास पहुंचे और खतरनाक तरीके से स्टंट करते हुए उसे डराने लगे। जब नाबालिग ने इसका विरोध किया, तो युवक गुस्से में आ गए। खुद को ‘डॉन’ समझने वाले इन युवकों ने धारदार हथियार निकालकर नाबालिग पर हमला कर दिया।
हमले में नाबालिग के बाएं पैर में गंभीर चोट आई है। वह खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। आसपास के लोगों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि नशे में घूमने वाले ऐसे युवक खुलेआम गुंडागर्दी कर रहे हैं और कानून का उन्हें कोई डर नहीं रह गया है।
पीड़ित की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि ऐसे ‘सड़कछाप डॉन’ पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि रिहायशी इलाकों में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।





