Crime News: भाजपा नेत्री ने रहवासियों पर लगाया छवि धूमिल करने का आरोप, थाने में की शिकायत

Crime News: बिलासपुर। बिलासपुर की अरिहंत हाईट्स कॉलोनी से एक बड़ा मामला सामने आया है, जहाँ भाजपा नेत्री स्मृति जैन ने अपने ही कॉलोनी के कुछ लोगों पर झूठी शिकायत करने, मानसिक प्रताड़ना देने और उनकी छवि धूमिल करने की साजिश रचने का आरोप लगाया है। स्मृति जैन ने इस संबंध में सिविल लाइन थाना प्रभारी को लिखित शिकायत सौंपते हुए सुरक्षा की मांग की है। उन्होंने आरोप लगाया है कि बेटी का वीडियो बनाने की कोशिश की गई, वाहन की तोड़फोड़ की गई और यहां तक कि उनके खिलाफ मीडिया में भी झूठ फैलाया गया।

स्मृति जैन द्वारा दी गई शिकायत में उन्होंने विजय जैन, दीप जोशी, आदित्य राठौर, आशिष अग्रवाल, महेन्द्र सिंह, मीनल जैन और धरा जोशी पर प्रताड़ना, झूठी शिकायत और समाज में बदनाम करने की साजिश के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि कॉलोनी के व्हाट्सएप ग्रुप पर लगातार शिकायतों के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं, आरोप है कि उनकी बड़ी बेटी की एक्टिवा को जानबूझकर इस तरह लॉक किया गया कि वह उनकी चाबी से नहीं खुल रही थी और वाहन की सीट भी काट दी गई। इसके अलावा छोटी बेटी का नहाते वक्त वीडियो बनाने की कोशिश भी की गई, जिसका जिक्र ऑडियो रिकॉर्डिंग में है।

स्मृति जैन ने अपने बयान में यह भी स्पष्ट किया कि उन्होंने भाजपा जैसे बड़े संगठन का कभी दुरुपयोग नहीं किया, लेकिन कुछ लोग बार-बार “भाजपा नेत्री” बोलकर उनकी छवि धूमिल करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि एक साल पहले भी ऐसी घटनाएं हुई थीं लेकिन तब उन्होंने मामले को तूल नहीं दिया। इस बार आरोपियों के खिलाफ सबूतों के साथ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसमें वीडियो, ऑडियो और सोसायटी के कुछ सदस्यों के हस्ताक्षर शामिल हैं। भाजपा नेत्री ने सख्त कार्रवाई और सुरक्षा की मांग करते हुए कहा है कि अब सच्चाई को सामने लाना जरूरी हो गया है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button