बीजापुर शिक्षक आत्महत्या मामला गरमाया—सुसाइड नोट में 3 नाम, कांग्रेस-बीजेपी आमने-सामने

बीजापुर में शिक्षक आत्महत्या मामले ने अब सियासी रूप ले लिया है। चेरपाल निवासी और पालनार स्कूल के प्रधान अध्यापक राजू पुजारी की आत्महत्या के बाद कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी आमने-सामने आ गई हैं।
मामले को लेकर कांग्रेस विधायक विक्रम मंडावी ने प्रेसवार्ता कर सरकार, प्रशासन और भाजपा नेताओं पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने उच्च स्तरीय जांच की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि तीन दिनों में कार्रवाई नहीं हुई तो समाज और परिजनों के साथ मिलकर थाने का घेराव किया जाएगा।
सुसाइड नोट में तीन लोगों का जिक्र
पुलिस जांच में मृतक के पास से मिले सुसाइड नोट में देवाशीष मंडल (ठेकेदार), शैलेष वासम और डोंगरे सर को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार बताया गया है। नोट में यह भी लिखा गया है कि परिवार की जिम्मेदारी इन्हीं लोगों को उठानी चाहिए।
निर्माण कार्य और भुगतान का दबाव बना वजह?
विधायक मंडावी के अनुसार पालनार स्कूल भवन निर्माण की लागत करीब 20 लाख 30 हजार रुपये थी। उन्होंने आरोप लगाया कि निर्माण कार्य निम्न गुणवत्ता का था, लेकिन इसके बावजूद भुगतान के लिए दबाव बनाया जा रहा था। इसी मानसिक तनाव के चलते शिक्षक ने यह कदम उठाया।
मंडावी ने यह भी दावा किया कि मामले में भाजपा नेता का नाम सामने आ रहा है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है।
बीजेपी ने भी जांच की मांग की
वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष घासीराम नाग ने भी घटना को गंभीर बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मामला राजनीति से ऊपर है और जो भी दोषी हो, उसके खिलाफ निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई होनी चाहिए।
फिलहाल यह मामला बीजापुर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है और सभी की नजर पुलिस जांच पर टिकी है, जो इस पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाएगी।





