बीजापुर मुठभेड़: 8-8 लाख के इनामी दो नक्सली ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद

बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो नक्सली मारे गए। दोनों पर 8-8 लाख रुपये का इनाम था।
जानकारी के मुताबिक, जिले के दक्षिण-पश्चिम क्षेत्र में माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर पुलिस ने सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेंद्र यादव की निगरानी में हुई इस कार्रवाई में पीपीसीएम कंपनी-02 की प्लाटून नंबर-01 के दो नक्सली मारे गए।
मारे गए नक्सलियों की पहचान हिडमा पोडियाम (34) और मुन्ना मड़कम (25) के रूप में हुई है। दोनों प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन से जुड़े थे।
मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने एक .303 राइफल, 12 बोर बंदूक, कारतूस, विस्फोटक सामग्री, वायर, स्कैनर सेट और माओवादी साहित्य सहित कई सामान बरामद किए हैं।
बता दें कि हाल ही में 11 सितंबर को गरियाबंद जिले में हुई बड़ी मुठभेड़ में माओवादी सेंट्रल कमेटी सदस्य मोडेम बालकृष्ण उर्फ मनोज समेत 10 नक्सली मारे गए थे। उन पर कुल 5.25 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था।





