बस्तर में अवैध रेत तस्करी पर बड़ा एक्शन: खनिज विभाग ने 36 वाहन जब्त किए, भंडारणकर्ताओं पर भी कार्रवाई

बस्तर जिले में अवैध खनिज उत्खनन और रेत तस्करी के खिलाफ खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 36 वाहनों को जब्त किया है। विभाग ने अवैध परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर दंडात्मक कार्रवाई शुरू कर दी है। जब्त वाहनों को पुलिस के सुपुर्द किया गया है।

खनिज विभाग के अधिकारियों के मुताबिक, जिले में अवैध खनिज गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। यह कार्रवाई कलेक्टर और खनिज विभाग के निर्देश पर की गई।

अलग-अलग इलाकों में उड़नदस्ता दल की छापेमारी

जिला खनिज जांच उड़नदस्ता दल ने उपनपाल, देवड़ा, कोडेनार, बड़ेआमाबाल, कोरपाल, बस्तर, खोरखोसा, बेलगांव, धरमपुरा, जगदलपुर, कुम्हरावंड, पिपलावंड, बजावंड, बडांजी, छापरमानपुरी, तारापुर और बनियागांव सहित कई क्षेत्रों में औचक निरीक्षण किया।

जांच के दौरान कई वाहन बिना अनुमति रेत और चुना पत्थर का परिवहन करते पाए गए। विभाग ने मौके पर कार्रवाई करते हुए वाहनों को जब्त कर लिया।

भंडारणकर्ताओं और परिवहनकर्ताओं पर केस दर्ज

खनिज विभाग ने अवैध खनिज भंडारण करने वाले चार लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई शुरू की है। विभाग के अनुसार, रेत और गौण खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण में शामिल लोगों के खिलाफ अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए हैं।

अधिकारियों का कहना है कि जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह की कार्रवाई जारी रहेगी।

खनिज नियमावली के तहत होगी दंडात्मक कार्रवाई

विभाग ने बताया कि सभी मामलों में छत्तीसगढ़ गौण खनिज नियमावली 2015 के नियम 71 और खान-खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम 1967 की धारा 21 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

खनिज विभाग का कहना है कि अवैध खनन और तस्करी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे, ताकि जिले में खनिज संसाधनों के अवैध दोहन पर रोक लगाई जा सके।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button