धान घोटाले पर बड़ा एक्शन: कोटा की हरिकिशन फूड्स राइस मिल सील, 7.47 करोड़ का धान जब्त

बिलासपुर जिले के कोटा विकासखंड में धान की कस्टम मिलिंग में बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। प्रशासन ने हरिकिशन फूड्स राइस मिल पर सख्त कार्रवाई करते हुए मिल को सील कर दिया है और करीब 7 करोड़ 47 लाख रुपये मूल्य का 24,109.20 क्विंटल धान जब्त किया है।
जांच में सामने आया कि मिल से 2,890.80 क्विंटल धान गायब है। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समितियों से धान उठाव और मिलिंग का काम चल रहा था। शासन की ओर से धान परिवहन की GPS ट्रैकिंग की जा रही है। इसी ट्रैकिंग के दौरान संदिग्ध गतिविधियां पकड़ में आईं।
कलेक्टर संजय अग्रवाल के निर्देश पर 13 जनवरी को राइस मिल की जांच की गई। जांच में पता चला कि मिलर ने इस खरीफ सीजन में करीब 27 हजार क्विंटल धान का उठाव किया था, लेकिन मिल परिसर में तय मात्रा से काफी कम धान मौजूद था।
धान की हेराफेरी और रिसाइक्लिंग की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने पूरे स्टॉक को जब्त कर लिया और राइस मिल को सील कर दिया।
प्रशासन ने साफ कहा है कि छत्तीसगढ़ चावल उपार्जन आदेश 2016 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। किसानों के हितों की सुरक्षा और व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





