बूढ़ा तालाब चौपाटी की दुकानें फिर सील, महापौर ने दिए सख्त निर्देश

रायपुर। शहर के बूढ़ा तालाब चौपाटी की तीन दुकानें दोबारा खुलने की शिकायत पर महापौर मीनल चौबे रविवार सुबह अचानक निरीक्षण के लिए पहुंचीं। दुकानों को खुला देख उन्होंने निगम अधिकारियों को फटकार लगाई और तुरंत तीनों दुकानों को सील करने का आदेश दिया।

निरीक्षण के दौरान महापौर ने गार्ड और ठेकेदार को भी कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने साफ कहा कि बिना पार्किंग की व्यवस्था के किसी भी दुकान को चलाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। दुकानदारों ने पर्यटन विभाग से अनापत्ति प्रमाण पत्र मिलने का हवाला दिया, लेकिन महापौर ने यह कहते हुए इसे खारिज कर दिया कि दुकानें नगर निगम क्षेत्र में आती हैं, इसलिए निगम के नियम ही लागू होंगे।

महापौर ने कहा कि चौपाटी के सामने स्कूल है, ऐसे में यहां पार्किंग की सुविधा देना संभव नहीं है। इसलिए इस स्थान पर व्यावसायिक गतिविधि की अनुमति नहीं दी जा सकती। उन्होंने पूर्ववर्ती सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि पिछली सरकार के समय चौपाटी खोली गई थी, जिसका हमेशा विरोध किया गया था और आगे भी किया जाएगा।

महापौर मीनल चौबे ने साफ किया – “जो जनता नहीं चाहेगी, वह बूढ़ा तालाब में नहीं होगा।”

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button