बिलासपुर में फिर भड़की आग, शनिचरी सब्जी मंडी की 15 दुकानें जलकर खाक

बिलासपुर शहर में 24 घंटे के भीतर दूसरी बड़ी आगजनी की घटना सामने आई है। बुधवारी बाजार में आग लगने के बाद अब शनिचरी सब्जी मंडी में देर रात भीषण आग ने करीब 14 से 15 दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। आग इतनी तेजी से फैली कि कई दुकानें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं।

लाखों के नुकसान की आशंका

आग से सब्जी, किराना और अन्य सामानों से भरी कई दुकानें पूरी तरह नष्ट हो गईं। व्यापारियों का कहना है कि इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन प्रशासनिक जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। आग लगने की प्रारंभिक वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है।

व्यापारियों ने उठाए सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल

घटना के बाद व्यापारियों ने बिजली व्यवस्था और प्रशासनिक लापरवाही पर सवाल खड़े किए हैं। उनका आरोप है कि मंडी क्षेत्र में दुकानों के शटर और बिजली लाइनों में करंट आने की शिकायत पहले भी कई बार की गई थी, लेकिन जिम्मेदार विभागों ने समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की। व्यापारियों का कहना है कि शिकायतों पर ध्यान दिया जाता तो इस बड़े हादसे से बचा जा सकता था।

घंटों की मशक्कत के बाद आग पर पाया काबू

आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और राहत कार्य शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त दमकल वाहनों को भी बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आसपास की अन्य दुकानों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना के बाद पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके का निरीक्षण किया और आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। लगातार दो दिनों में हुई आगजनी की घटनाओं ने बाजारों में अग्नि सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button