न्यू ईयर के बहाने धर्मांतरण की कोशिश, पुलिस ने पास्टर पर दर्ज किया मामला

न्यू ईयर सेलिब्रेशन के नाम पर भोज और प्रार्थना सभा आयोजित कर लोगों का धर्मांतरण कराने की कथित कोशिश का मामला सामने आया है। यह घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां एक व्यक्ति पर प्रलोभन देकर लोगों को ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित करने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम जोंधरा निवासी सुखनंदन लहरे ने नए साल के मौके पर अपने घर में भोज और प्रार्थना सभा का आयोजन किया था। इसमें बड़ी संख्या में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं को बुलाया गया। आरोप है कि इस दौरान स्वास्थ्य सुविधाएं, भोजन और अन्य लाभ का लालच देकर लोगों को प्रभु यीशु को मानने और वर्ष 2026 में बपतिस्मा लेने की शपथ दिलाई जा रही थी।

गांव में प्रार्थना सभा की सूचना मिलने पर कुछ स्थानीय युवक मौके पर पहुंचे। उन्होंने खिड़की की आड़ से प्रार्थना सभा का वीडियो बना लिया, जिसमें कथित तौर पर लोगों को धर्म परिवर्तन की शपथ दिलाते हुए देखा गया। इसके बाद स्थानीय युवकों और हिंदूवादी संगठनों ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई।

शिकायत मिलने पर पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए जांच शुरू की और बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने व धर्मांतरण कराने के आरोप में सुखनंदन लहरे के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे प्रकरण की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button