झगड़ा शांत कराने पर सहायक शिक्षक पर हमला, गंभीर रूप से घायल

दुर्ग जिले में एक छट्ठी कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद को शांत कराने की कोशिश एक सहायक शिक्षक को भारी पड़ गई। युवकों के बीच चल रहे झगड़े को समझाकर रोकने वाले शिक्षक के साथ बाद में मारपीट की गई, जिसमें वे गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार, जलेबी चौक कैंप-01 भिलाई निवासी संजय सिंह कुशवाहा तितुरडीह स्कूल में सहायक शिक्षक के पद पर कार्यरत हैं। वे अपने मित्रों के साथ ग्राम एम जामगांव में आयोजित छट्ठी कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। कार्यक्रम के दौरान कुछ युवक आपस में झगड़ रहे थे, जिन्हें उन्होंने समझाकर शांत कराया।

कार्यक्रम से लौटने के बाद रात करीब 11 बजे वे अपने दोस्तों के साथ सुपेला भिलाई स्थित संजय नगर मैदान में खड़े थे। इसी दौरान रोहित साहू उर्फ पदुम, अजय जोशी और शेखर निर्मलकर वहां पहुंचे और कार्यक्रम के दौरान अधिक बोलने का आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर तीनों ने मिलकर शिक्षक पर हमला कर दिया।

आरोपियों ने हाथ-मुक्कों और लातों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। हमले में शिक्षक की आंख, दांत, कंधे, कान, मुंह और कमर में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद पिंटू लहरी, गोविंद सोनवानी और वीरेंद्र बंभोले ने बीच-बचाव कर किसी तरह मामला शांत कराया।

पीड़ित शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button