अरपा नदी से फिर मिला संदिग्ध शव, हाईकोर्ट के वकील की हुई पहचान – बिलासपुर में फैली सनसनी

बिलासपुर, छत्तीसगढ़: न्यायधानी बिलासपुर में शुक्रवार रात उस समय हड़कंप मच गया जब अरपा नदी में एक युवक का संदिग्ध शव तैरता हुआ देखा गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस ने मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी है।

मृतक की पहचान बलौदा बाजार–भाटापारा निवासी 31 वर्षीय राहुल अग्रवाल के रूप में हुई है, जो छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में अधिवक्ता थे। बताया जा रहा है कि सिविल लाइन पुलिस ने गुरुवार रात को उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज की थी। शव मिलने के बाद कोतवाली पुलिस ने उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि मामला आत्महत्या का है या हत्या का।

टीआई कोतवाली देवेश सिंह राठौर ने बताया कि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पीएम रिपोर्ट के बाद ही सच्चाई स्पष्ट होगी।

यह पहली बार नहीं है जब अरपा नदी से शव बरामद हुआ हो। कुछ दिन पहले इंदिरा सेतु के नीचे एक महिला का शव भी मिला था। लगातार मिल रहे शवों से इलाके में दहशत का माहौल है और लोगों के मन में सवाल उठ रहे हैं कि क्या यह सिर्फ एक संयोग है या किसी बड़ी साजिश का हिस्सा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button