रायपुर में वन विभाग चालक भर्ती पर फर्जीवाड़े का आरोप, शिकायतों के बावजूद कार्रवाई नहीं

रायपुर। वन विभाग की हाल ही में निकली हल्का वाहन चालक भर्ती पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि विभाग के चहेते उम्मीदवार दिलीप कुमार आदिल को फायदा पहुंचाने के लिए नियमों को ताक पर रखा जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक, दिलीप आदिल ने 7 साल का अनुभव प्रमाण पत्र आवेदन के साथ लगाया है, लेकिन शिकायतकर्ता का दावा है कि यह प्रमाण पत्र फर्जी है। इसकी पुष्टि सूचना के अधिकार (RTI) से मिली जानकारी में हुई है।
शिकायत के बावजूद न तो रायपुर डिवीजन और न ही सीएमओ ऑफिस ने अब तक कोई कार्रवाई की है। इससे आरोप और पुख्ता होते दिख रहे हैं कि विभाग के बड़े अधिकारी मनमानी कर रहे हैं और योग्य उम्मीदवारों का हक मारकर बाहरी और फर्जी दस्तावेज धारकों को बढ़ावा दे रहे हैं।
26 सितंबर को होने वाली पैदल परीक्षण प्रक्रिया में भी शिकायतकर्ता को आशंका है कि दिलीप आदिल को हर हाल में नौकरी दिलाने की कोशिश होगी।
जब इस मामले पर डीएफओ लोकनाथ पटेल से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया। वहीं, तेजश शेखर ने कहा कि प्रक्रिया अभी शुरुआती चरण में है। दौड़ पूरी होने के बाद दस्तावेजों की जांच होगी और तभी तय होगा कि प्रमाण पत्र असली है या फर्जी।





