बिलासपुर में 1.40 करोड़ की सड़क पर भ्रष्टाचार के आरोप, हाथ से उखड़ रही डामर की परत

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में करोड़ों रुपए की लागत से बनी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो गए हैं। मस्तूरी ब्लॉक में बनाई गई सड़क कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी है। सड़क की डामर परत हाथ से निकलने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य में भारी अनियमितता और भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।

सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का आरोप

जानकारी के मुताबिक, ग्राम पंचायत अमगांव के आश्रित ग्राम आमाकोनी से बहतरा तक करीब एक किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण 1 करोड़ 40 लाख रुपए की लागत से कराया गया है। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में तय मापदंडों का पालन नहीं किया गया और मुरूम की जगह मिट्टी का इस्तेमाल किया गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क पूरी तरह तैयार भी नहीं हुई और जगह-जगह से गिट्टियां और डामर की परत निकलने लगी है। हल्का दबाव पड़ते ही सड़क उखड़ रही है, जिससे निर्माण की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

जनप्रतिनिधियों ने मौके पर पहुंचकर जताई नाराजगी

सड़क की खराब स्थिति सामने आने के बाद स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचे। जनपद सभापति, मंडल अध्यक्ष, महामंत्री और सरपंच ने सड़क का निरीक्षण किया और निर्माण कार्य पर नाराजगी जताई।

जनप्रतिनिधियों ने सड़क का वीडियो बनाकर कलेक्टर कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि ठेकेदार और विभागीय अधिकारियों की मिलीभगत से घटिया निर्माण कराया गया है। उन्होंने पूरे मामले की तकनीकी जांच कराने की मांग की है।

ग्रामीणों ने दी आंदोलन की चेतावनी

ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण में सरकारी राशि का दुरुपयोग किया गया है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान अधिकारियों ने निगरानी नहीं की, जिसके कारण घटिया सड़क बन गई। लोगों ने आशंका जताई कि पहली बारिश में सड़क पूरी तरह धंस सकती है।

स्थानीय लोगों ने दोषी ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि यदि सड़क की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया तो वे चक्काजाम और विरोध-प्रदर्शन करेंगे।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button