8 दिन तक 10 ट्रेनें रद्द, अचानक फैसले से यात्रियों की बढ़ी परेशानी

रेलवे प्रशासन ने एक बार फिर अचानक फैसला लेते हुए 10 ट्रेनों को 11 से 18 अप्रैल तक रद्द कर दिया है, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। खास बात यह है कि जिन ट्रेनों को एक दिन पहले ही बहाल किया गया था, उन्हें अगले ही दिन फिर से कैंसिल कर दिया गया।
रेलवे के अनुसार बिलासपुर-झारसुगड़ा सेक्शन के बीच चौथी रेलवे लाइन को अकलतरा स्टेशन से जोड़ने का काम किया जा रहा है। इसी कारण बिलासपुर से रायगढ़ और गेवरा रोड, साथ ही कोरबा से रायपुर के बीच चलने वाली 10 लोकल और मेमू पैसेंजर ट्रेनों को रद्द किया गया है।
इस निर्णय से कुल 14 ट्रेनें प्रभावित होंगी। गोंदिया-झारसुगड़ा पैसेंजर ट्रेन को आंशिक रूप से चलाया जाएगा, जबकि कोरबा-रायपुर के बीच चलने वाली हसदेव एक्सप्रेस को कोरबा से बिलासपुर तक पैसेंजर ट्रेन के रूप में संचालित किया जाएगा। बिलासपुर से रायपुर के बीच यह ट्रेन अपने निर्धारित एक्सप्रेस स्वरूप में चलेगी।
रेलवे ने पहले इस कार्य को 3 से 10 अप्रैल तक करने की योजना बनाई थी और ट्रेनों को रद्द किया गया था। बाद में यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों को बहाल कर दिया गया, लेकिन अब दोबारा 11 से 18 अप्रैल तक ट्रेनों को रद्द करने का आदेश जारी किया गया है।
अचानक लिए गए इस फैसले और वैकल्पिक व्यवस्था नहीं होने से यात्रियों में नाराजगी है। खासकर दैनिक यात्रा करने वाले लोगों और कामकाजी यात्रियों को इससे अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।





