अचानकमार टाइगर रिजर्व 1 नवंबर से खुलेगा, सुबह-शाम होगी सफारी – जानिए वाहन किराया और टाइमिंग

बिलासपुर। चार महीने से बंद पड़ा अचानकमार टाइगर रिजर्व अब एक नवंबर से फिर से पर्यटकों के लिए खुलने जा रहा है। बरसात के मौसम के कारण हर साल की तरह इस बार भी रिजर्व को एक जुलाई से बंद किया गया था, जिसे अब राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के दिशा-निर्देशों के तहत खोला जा रहा है। पर्यटक अब दोबारा जंगल सफारी का आनंद ले सकेंगे।
रिजर्व प्रबंधन ने बताया कि पर्यटकों की सुविधा के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। भ्रमण मार्गों की मरम्मत, सफाई और रंग-रोगन का काम पूरा हो चुका है। जैसे ही ऑनलाइन बुकिंग शुरू हुई, वैसे ही एडवांस में 25 बुकिंग दर्ज हो चुकी हैं। यह दर्शाता है कि पर्यटक टाइगर रिजर्व खुलने का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे।
हर साल की तरह इस बार भी 31 अक्टूबर तक रिजर्व बंद रहेगा और 1 नवंबर से इसे पर्यटकों के लिए खोल दिया जाएगा। बरसात के दौरान टाइगर रिजर्व बंद रखने का उद्देश्य पर्यटकों की सुरक्षा और वन्यजीवों के प्रजनन काल को संरक्षित करना होता है। हालांकि, इस अवधि में शिवतराई स्थित बैगा रिसॉर्ट खुला रहता है ताकि पर्यटक वहां ठहरकर जंगल की प्राकृतिक सुंदरता का आनंद उठा सकें।
सफारी टाइमिंग और वाहन किराया
सुबह सफारी का समय 6 से 9 बजे तक, दूसरा स्लॉट 10 से 12 बजे तक और शाम का सफारी समय 3 से 6 बजे तक रहेगा। पर्यटकों के लिए तीन तरह के वाहन उपलब्ध रहेंगे –
- जिप्सी – ₹3500 प्रति ट्रिप
- योद्धा वाहन – ₹5500 प्रति ट्रिप
- बस – ₹7500 प्रति ट्रिप
प्रबंधन ने बताया कि इस बार वाहन की कमी न हो, इसके लिए पांच नए योद्धा वाहन खरीदे गए हैं, जो रणथंभौर में मॉडिफाई होकर जल्द ही एटीआर (अचानकमार टाइगर रिजर्व) पहुंच जाएंगे।
पर्यटकों के ठहरने की सुविधा के लिए बैगा रिसॉर्ट में 14 कमरे उपलब्ध हैं, जिनकी बुकिंग भी ऑनलाइन कराई जा सकती है। अधिकारियों ने उम्मीद जताई है कि नवंबर से मार्च तक यहां देश-विदेश से आने वाले सैलानियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी, जिससे स्थानीय पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।





