अंबिकापुर में पुलिस की बोलेरो लेकर भागा आरोपी, मोबाइल लोकेशन से पकड़ा गया

अंबिकापुर में गांजा पकड़ने गई पुलिस टीम की बोलेरो लेकर एक बदमाश फरार हो गया। वाहन में प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल छूट जाने के कारण पुलिस ने लोकेशन ट्रेस कर गाड़ी बरामद कर ली और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का है।
छापेमारी के दौरान मिली मौका, गाड़ी लेकर भागा
पुलिस टीम गांजा तस्कर की तलाश में सत्तीपारा इलाके में छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति मौके से भागते हुए सड़क पर खड़ी बोलेरो में बैठ गया। गाड़ी में चाबी लगी होने के कारण उसने तुरंत वाहन स्टार्ट किया और वहां से फरार हो गया।
मोबाइल लोकेशन से मिली गाड़ी की जानकारी
बोलेरो में प्रशिक्षु डीएसपी का मोबाइल रह गया था, जिसकी लोकेशन ट्रेस की गई। मोबाइल का सिग्नल राम मंदिर के पास मिला, जिसके आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और गाड़ी बरामद कर ली। वाहन घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर खड़ी मिली।
आरोपी हिरासत में, जांच जारी
पुलिस ने आसपास सर्च ऑपरेशन चलाकर आरोपी को हिरासत में ले लिया और उसके पास से गाड़ी की चाबी भी बरामद की। मामले में आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।





