पद्मश्री फूलबासन बाई के अपहरण की कोशिश नाकाम, पुलिस चेकिंग में आरोपी गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में पद्मश्री सम्मानित फूलबासन बाई यादव के अपहरण की कोशिश का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह कुछ लोग उन्हें बहाने से घर से बाहर बुलाकर कार में बैठाकर ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में पुलिस की सतर्कता से पूरा मामला उजागर हो गया और सभी आरोपी पकड़े गए।
फोटो खिंचवाने के बहाने बुलाकर किया अपहरण का प्रयास
जानकारी के अनुसार, एक महिला सहित चार लोग फूलबासन बाई के घर पहुंचे और जरूरी चर्चा व फोटो खिंचवाने का बहाना बनाकर उन्हें बाहर बुलाया। इसके बाद उन्हें कार में बैठाया गया। गाड़ी आगे बढ़ते ही आरोपियों ने उनके हाथ-पैर बांध दिए और मुंह पर कपड़ा लपेट दिया ताकि वे शोर न मचा सकें। आरोपी उन्हें खैरागढ़ की ओर ले जा रहे थे।
मिर्गी का बहाना, लेकिन पुलिस ने पहचान लिया
रास्ते में पुलिस की रूटीन चेकिंग के दौरान कार को रोका गया। आरोपियों ने पुलिस को बताया कि महिला को मिर्गी का दौरा पड़ा है और वे अस्पताल ले जा रहे हैं। हालांकि, ड्यूटी पर मौजूद एक पुलिसकर्मी ने फूलबासन बाई को पहचान लिया। उनकी स्थिति देखकर शक गहराया और तुरंत सभी आरोपियों को हिरासत में ले लिया गया।
साजिश के पीछे आर्थिक उगाही की आशंका
पुलिस जांच में सामने आया है कि मुख्य आरोपी महिला पिछले कई महीनों से फूलबासन बाई के संपर्क में थी और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी हुई है। उस पर महिलाओं से अवैध वसूली के आरोप भी हैं। पुलिस को शक है कि अपहरण के पीछे किसी बड़ी आर्थिक साजिश या गिरोह का हाथ हो सकता है। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।





