बोदरी नगर पालिका में एसीबी का छापा, रिश्वत लेते बाबू रंगेहाथ गिरफ्तार

नगर पालिका बोदरी में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई की है। गुरुवार को एसीबी की टीम ने भवन का नक्शा पास कराने के बदले रिश्वत लेते हुए उप अभियंता के सहायक को रंगेहाथ गिरफ्तार किया।

जानकारी के अनुसार आरोपी सहायक लंबे समय से आवेदक से नक्शा पास कराने के नाम पर रिश्वत की मांग कर रहा था। परेशान होकर पीड़ित ने एसीबी में इसकी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच सही पाए जाने के बाद एसीबी ने पूरी योजना के साथ जाल बिछाया।

जैसे ही आरोपी ने रिश्वत की रकम ली, एसीबी की टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे मौके पर ही पकड़ लिया। इस छापेमारी से नगर पालिका कार्यालय में अफरा-तफरी मच गई।

एसीबी ने मौके से जरूरी दस्तावेज जब्त कर लिए हैं और आरोपी से पूछताछ जारी है। इस मामले में मुख्य नगर पालिका अधिकारी से भी पूछताछ की जा रही है। आशंका है कि जांच के दौरान अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी सामने आ सकती है।

एसीबी की यह कार्रवाई भ्रष्टाचार के खिलाफ कड़ा संदेश मानी जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button