Thug arrested: चिटफंड कंपनी का फरार डायरेक्टर गिरफ्तार, सांई प्रसाद प्राइवेट लिमिटेड का करता था संचालन

Thug arrested: रायपुर। पुलिस ने सालों से फरार चल रहे चिटफंड कंपनी के फरार डायरेक्टर को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी शैलेष अमृत भोईर साल 2019 से फरार चल रहा था। पुलिस ने आरोपी को महाराष्ट्र के पुणे से गिरफ्तार किया है। आरोपी सांई प्रसाद प्राइवेट लिमिटेड नामक चिटफंड कंपनी का संचालन करता था। आरोपी शैलेष अमृत भोईर मूलतः पुणे के चिंचवाड़ थाना क्षेत्र का रहने वाला है।
बता दें राजधानी रायपुर के न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र के अशोका मिलेनियम स्थित सांई प्रसाद प्रापर्टीज लिमिटेड कंपनी के डायरेक्टर बाला साहब भापकर, वंदना भापकर, शशांक भापकर, शैलेष अमृत भोईर एवं अन्य द्वारा प्रार्थी संतोष कुमार साहू और अन्य आवेदकों को अपनी उक्त चिटफण्ड कम्पनी में निवेश करने हेतु विभिन्न तरह से लोक लुभावन स्कीम बता कर राशि जमा करने पर अधिक ब्याज देने व साढ़े छः वर्ष में दोगुना लाभ देने का प्रलोभन देकर प्रार्थी तथा अन्य आवेदकों के लाखों रूपये कम्पनी में निवेश कराकर निवेशको से छलकपट धोखाधड़ी कर राशि लेकर कम्पनी के डायरेक्टर एवं अन्य कर्मचारी फरार हो गये थे।
जिसकी शिकायत पीड़ितों ने राजेंद्र नगर थाने में की थी। जिसके बाद चिटफण्ड कम्पनी के डायरेक्टर बाला साहब भापकर, वंदना भापकर, शशांक भापकर को गिरफ्तार कर लिया गया था, जबकि मुख्य आरोपी शैलेष अमृत भोईर फरार चल रहा था। एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट की टीम द्वारा फरार आरोपियों के संबंध में लगातार जानकारी एकत्र करते हुये तकनीकी विश्लेषण व अन्य माध्यमों से फरार आरोपियों को लोकेट करने के प्रयास किये जा रहे थें। इसी दौरान टीम के सदस्यों को घटना में संलिप्त उक्त चिटफण्ड कम्पनी के डायरेक्टर शैलेष अमृत भोईर की उपस्थिति पुणे महाराष्ट्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई।
जिस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पश्चिम श्री डी.आर.पोर्ते, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संदीप मित्तल एवं उप पुलिस अधीक्षक क्राईम श्री संजय सिंह के निर्देशन व निरीक्षक नरेश पटेल के नेतृत्व में एण्टी क्राईम एण्ड साईबर यूनिट तथा थाना न्यू राजेन्द्र नगर पुलिस की एक विशेष टीम का गठन कर टीम को पुणे रवाना किया गया। टीम के सदस्यों द्वारा पुणे पहुंच कर कैम्प कर आरोपी की पतासाजी करते हुये प्रकरण में कम्पनी के फरार डायरेक्टर आरोपी शैलेष अमृत भोईर को पुणे महाराष्ट्र से पकड़ा गया। आरोपी को गिरफ्तार कर उसके विरूद्ध कार्यवाही किया गया।





