गबन करने वाला फरार ऑटोमोबाइल कर्मचारी गिरफ्तार

रायगढ़। कंपनी ने जिस कर्मचारी को वाहनों के संचालन और किराया वसूली की जिम्मेदारी सौंपी थी, उसी ने भरोसे का दुरुपयोग करते हुए 11 लाख रुपए से अधिक की राशि का गबन कर लिया। चक्रधर नगर पुलिस ने फरार आरोपी ऑटोमोबाइल मैनेजर को मध्यप्रदेश के सिंगरौली से गिरफ्तार किया है।

मामला शिव शक्ति स्टील प्लांट से जुड़ा है। यहां ऑटोमोबाइल एग्जीक्यूटिव पद पर कार्यरत मनीष कुमार शर्मा को कंपनी के वाहनों की देखरेख और ट्रांसपोर्टरों के माध्यम से संचालन की जिम्मेदारी दी गई थी। इसी दौरान आरोपी ने अप्रैल से जून 2025 के बीच 11 लाख 35 हजार 861 रुपए की राशि कंपनी में जमा नहीं की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने ट्रांसपोर्टरों को गुमराह कर कंपनी के वाहनों को अन्य के वाहन बताकर चलवाया। साथ ही फर्जी बिल्टी बनाकर किराया वसूला और रकम खुद रख ली। पूरा लेनदेन योजनाबद्ध तरीके से किया गया, जिससे शुरू में गड़बड़ी सामने नहीं आ पाई।

शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था। पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी, लेकिन वह लगातार स्थान बदलता रहा। तकनीकी जांच के आधार पर सिंगरौली में उसकी मौजूदगी का पता चला। थाना प्रभारी राकेश मिश्रा के नेतृत्व में टीम को सिंगरौली भेजा गया, जहां से आरोपी को गिरफ्तार कर रायगढ़ लाया गया। पूछताछ में आरोपी ने गबन करना स्वीकार किया।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button