गद्दा फैक्ट्री में भीषण आग, 2 करोड़ का नुकसान; 3 घंटे की मशक्कत के बाद काबू

दुर्ग। दुर्ग जिले के मुरमुंदा गांव स्थित श्री साईं इंडस्ट्रीज गद्दा मैन्युफैक्चरिंग फैक्ट्री में रविवार देर रात भीषण आग लगने से भारी नुकसान हो गया। देर रात उठती लपटों को देखकर आसपास के लोगों ने फैक्ट्री संचालक अश्वनी वर्मा को सूचना दी, जिसके बाद कुम्हारी थाना और दुर्ग अग्निशमन विभाग को अलर्ट किया गया। सूचना मिलते ही दुर्ग फायर ब्रिगेड की छह दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया।

दमकल कर्मियों ने फैक्ट्री के चारों ओर से पानी की बौछार कर करीब तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग इतनी भीषण थी कि फैक्ट्री में रखे फोम से संबंधित केमिकल ड्रम ब्लास्ट हो गए, जिससे लपटें और तेज हो गईं। लगातार बढ़ते धुएं और कम दृश्यता के बीच दमकल कर्मचारियों को कई बार अंदर जाकर आग बुझाने के प्रयास करने पड़े।

घटना में फैक्ट्री का स्ट्रक्चर पूरी तरह गिर गया और अंदर रखा तैयार माल, कच्चा फोम, मशीनें और अन्य सामान जलकर खाक हो गया। संचालक अश्वनी वर्मा के अनुसार इस दुर्घटना में करीब दो करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

आग लगने का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। कुम्हारी थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है और प्राथमिक अनुमान के अनुसार शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात अचानक उठी लपटों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी थी। समय पर दमकल विभाग के पहुंचने से आग बेकाबू होने से बच गई। फिलहाल पुलिस और फॉरेंसिक टीम फैक्ट्री का निरीक्षण कर रही है और आग लगने के सही कारण का पता लगाने में जुटी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button