बंगाल में बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए आया भारी चंदा, पैसे गिनने में लगी मशीनें और 30 लोगों की टीम

पश्चिम बंगाल के निष्कासित TMC विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद में अयोध्या की बाबरी मस्जिद की तर्ज पर बनाई जा रही नई मस्जिद के लिए आए चंदे का वीडियो साझा किया है। उन्होंने दावा किया कि मस्जिद निर्माण के लिए मुसलमानों का जबरदस्त समर्थन मिल रहा है और चंदे में लाखों रुपये जमा हुए हैं।
हुमायूं कबीर ने अपने फेसबुक अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें लोग नोटों से भरे बक्सों में आए चंदे को गिनते नजर आ रहे हैं। कबीर के मुताबिक कुल 11 बक्सों में चंदा जमा हुआ है। उन्होंने बताया कि उनके बैंक खाते में QR कोड के माध्यम से 93 लाख रुपये आए हैं। नकद राशि गिनने के लिए 30 लोगों की टीम लगाई गई है और मशीनों का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। पूरा प्रक्रिया CCTV निगरानी में की जा रही है।
कबीर ने कहा कि कई लोग उन पर BJP से फंड लेकर मस्जिद बनाने का आरोप लगा रहे थे, लेकिन उनका यह वीडियो साबित करता है कि मस्जिद सिर्फ और सिर्फ चंदे के पैसों से बनाई जा रही है।
TMC से निष्कासन के बाद हुमायूं कबीर ने अपनी नई पार्टी की घोषणा भी कर दी है। उन्होंने कहा कि 22 दिसंबर को वे नई पार्टी की लॉन्चिंग करेंगे, जो मुसलमानों के हितों के लिए काम करेगी। कबीर ने दावा किया कि वे 135 सीटों पर उम्मीदवार उतारेंगे और बंगाल चुनाव में “गेम-चेंजर” साबित होंगे। उन्होंने यह भी बताया कि वह AIMIM के साथ संपर्क में हैं और असदुद्दीन ओवैसी से उनकी बात हुई है। हालांकि AIMIM और ओवैसी की ओर से इस पर कोई बयान नहीं आया है।





