गोवा नाइट क्लब अग्निकांड में उजड़ गया गाजियाबाद का परिवार, युवक ने पत्नी को बचाया लेकिन तीन सालियों संग खुद भी जलकर मौत के हवाले

गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग ने 25 लोगों की जान ले ली। मरने वालों में दिल्ली और उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद का एक परिवार भी शामिल था, जिसके चार सदस्यों की इस हादसे में दर्दनाक मौत हुई। यह परिवार 4 दिसंबर को घूमने के लिए गोवा पहुंचा था, लेकिन दो दिन बाद ही उनका सफर मौत बनकर लौट आया।

शनिवार 6 दिसंबर की रात पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर अरपोरा स्थित ‘बर्च बाय रोमियो लेन’ नाइट क्लब में अचानक आग भड़क उठी। गाजियाबाद की रहने वाली भावना जोशी अपने पति विनोद और तीन बहनों—अनीता, सरोज और कमला—के साथ वहां मौजूद थीं। क्लब में प्रवेश किए उन्हें कुछ ही मिनट हुए थे कि आग ने पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया।

आग लगते ही विनोद ने साहस दिखाते हुए भावना को मुख्य गेट की ओर धक्का देकर बाहर निकाल दिया। भावना की जान तो बच गई, लेकिन इसके बाद विनोद अपनी तीनों सालियों को बचाने वापस क्लब में घुस गए। भीतर बढ़ती लपटों के बीच वे फंस गए और अपनी तीनों सालियों के साथ जिंदा जल गए। चारों की मौके पर ही मौत हो गई।

क्लब के बाहर पहुंचकर भावना बार-बार अपने पति के फोन पर कॉल करती रहीं। फोन की घंटी बजने से उन्हें उम्मीद थी कि विनोद और उनकी बहनें जिंदा होंगी, लेकिन जब कॉल नहीं उठाई गई, तो उनकी उम्मीदें टूट गईं।

इस हादसे में मारे गए लोगों की पहचान कर ली गई है। मृतकों में उत्तराखंड, झारखंड, असम, नेपाल, महाराष्ट्र, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश और दिल्ली के लोग शामिल थे। दिल्ली से सरोज जोशी, विनोद कुमार, अनीता जोशी और कमला जोशी की मौत हुई। उत्तर प्रदेश से सुनील कुमार और रोहन सिंह शामिल थे।

गोवा के इस दर्दनाक अग्निकांड ने कई परिवारों को उजाड़ दिया और एक पूरी फेहरिस्त अपने पीछे छोड़ दी, जिसमें गाजियाबाद का यह परिवार भी शामिल है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई