नौकरी दिलाने के नाम पर 16 लाख की ठगी, दुर्ग में बीजेपी नेता पर मामला दर्ज

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। आरोप है कि एक बीजेपी नेता ने छह किसानों से करीब 16 लाख रुपये वसूल कर उन्हें नौकरी दिलाने का झांसा दिया, लेकिन न तो नौकरी लगवाई और न ही पैसे लौटाए।

मामला सुपेला थाना क्षेत्र का है, जहां मजदूर ट्रेड यूनियन काउंसिल के राष्ट्रीय युवा मोर्चा के अध्यक्ष जयप्रकाश यादव पर यह आरोप लगाया गया है। पीड़ितों के अनुसार, आरोपी ने मंत्रियों और अधिकारियों से अपनी पहुंच का दावा कर उन्हें भरोसे में लिया।

शिकायत के मुताबिक, सब इंस्पेक्टर और स्टाफ नर्स की नौकरी के लिए चार-चार लाख रुपये लिए गए, जबकि प्यून और अन्य पदों के लिए एक से दो लाख रुपये तक वसूले गए। अलग-अलग पदों के लिए तय रेट के आधार पर किसानों से रकम ली गई।

पीड़ित किसानों ने इस मामले की शिकायत दुर्ग एसएसपी से की थी। आवेदन के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी गांव में नियमित रूप से आता-जाता था और बड़े नेताओं से पहचान होने का दावा करता था। उसकी बातों में आकर कई लोगों ने जमीन बेचकर और कर्ज लेकर पैसे जुटाए।

पीड़ितों का कहना है कि जब नौकरी नहीं लगी तो उन्होंने कई बार पैसे वापस मांगे, लेकिन आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। उनके पास कॉल रिकॉर्ड, व्हाट्सएप चैट और अन्य सबूत भी मौजूद हैं।

फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और आरोपी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button