मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटियां खुलीं: 19 लाख से ज्यादा नकद मिले, भक्तों की अर्जियां भी निकलीं

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर की दान पेटियां खोली गईं, जिसमें 19 लाख 44 हजार 483 रुपए नकद प्राप्त हुए हैं। इस बार मंदिर की कुल 9 दान पेटियां निर्धारित प्रक्रिया के तहत खोली गईं। पिछली बार जुलाई 2025 में दान पेटियां खोली गई थीं, जिसके करीब छह महीने बाद दोबारा यह प्रक्रिया की गई है।
मंदिर प्रबंधन के अनुसार, नकद राशि के अलावा बड़ी संख्या में भक्तों के पत्र भी मिले हैं, जिनमें लोगों ने अपनी मन्नतें लिखकर देवी मां से प्रार्थना की है। इनमें किसी ने नौकरी, स्वास्थ्य, परीक्षा में सफलता, पारिवारिक सुख-शांति और रोजगार की कामना की है। एक भक्त ने अपने पत्र में ऑफिस से छुट्टी नहीं मिलने की समस्या बताते हुए देवी मां से छुट्टी दिलाने की अर्जी लगाई है।
दान पेटियों से सोने और चांदी के कई आभूषण भी प्राप्त हुए हैं। इनमें हार, अंगूठी, चेन, पायल, सिक्के और अन्य चढ़ावे शामिल हैं। सभी आभूषणों का वजन और मूल्यांकन अलग से किया जाएगा।
दान पेटियों को प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर समिति के सदस्यों और कर्मचारियों की मौजूदगी में खोला गया। बड़ी मात्रा में मिले नोट और सिक्कों की गिनती के लिए विशेष व्यवस्था की गई थी। मंदिर समिति के सदस्यों ने बताया कि दान की राशि का उपयोग मंदिर के विकास, व्यवस्थाओं में सुधार और धार्मिक गतिविधियों पर किया जाएगा।
मां दंतेश्वरी मंदिर में हर साल छत्तीसगढ़ सहित अन्य राज्यों से लाखों श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि और प्रमुख पर्वों के दौरान भक्तों की संख्या और दान में बढ़ोतरी देखी जाती है। प्रशासन ने प्राप्त राशि को बैंक में जमा कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि जुलाई 2025 में जब दान पेटियां खोली गई थीं, तब 11 लाख 18 हजार रुपए नकद मिले थे। उस समय भी भक्तों के कई पत्र और सोने-चांदी के आभूषण निकले थे। इस बार दान की राशि में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है, जिससे मंदिर प्रबंधन में संतोष जताया गया है।





