स्वयं सिद्ध फाउंडेशन की सराहनीय पहल: ग्राम मोहतराई के स्कूल में बच्चों को मिले स्वेटर और स्मार्ट टीवी

बिलासपुर।शिक्षा और बाल कल्याण को बढ़ावा देने की दिशा में स्वयं सिद्ध फाउंडेशन ने एक सराहनीय पहल की है। फाउंडेशन द्वारा ग्राम मोहतराई स्थित संकुल स्कूल भरारी में पढ़ने वाले बच्चों को ठंड से बचाव के लिए स्वेटर और आधुनिक पढ़ाई के लिए स्मार्ट टीवी वितरित किए गए। इस पहल से बच्चों के चेहरों पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।
कार्यक्रम का आयोजन स्वयं सिद्ध फाउंडेशन के संस्थापक चंचल सलूजा के नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जोनल एसपी बिलासपुर दीपमाला कश्यप रहीं। उन्होंने बच्चों को स्वेटर पहनाकर और स्मार्ट टीवी भेंट कर शिक्षा के साथ तकनीक को जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि आज के समय में तकनीकी शिक्षा बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि शिक्षा जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। यदि बच्चों को सही मार्गदर्शन, संसाधन और प्रेरणा मिले, तो वे समाज और देश का नाम रोशन कर सकते हैं। स्मार्ट टीवी के माध्यम से बच्चों को अब डिजिटल कंटेंट, वीडियो लेक्चर और रोचक शैक्षणिक सामग्री देखने का अवसर मिलेगा, जिससे उनकी पढ़ाई और समझ दोनों बेहतर होंगी।
इस अवसर पर स्वयं सिद्ध फाउंडेशन की संचालिका रितु साहू, संरक्षक नवीन दुबे, रीता यादव, मेड इन इंडिया ग्रुप के सदस्य, ग्राम सरपंच संतोष सूर्यवंशी, शाला के प्रधान पाठक रियाज खान और प्रधान शिक्षिका डॉ. एकता आर्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। साथ ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भी कार्यक्रम में भाग लेकर इस पहल की सराहना की।
फाउंडेशन की यह पहल ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बेहतर भविष्य की ओर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





