चुनाव आयोग ने 25 IAS और 5 IPS अधिकारियों को बनाया चुनाव पर्यवेक्षक, IIIDEM में होगी ब्रीफिंग

नई दिल्ली/रायपुर: भारत निर्वाचन आयोग ने राज्य के 25 IAS और 5 IPS अधिकारियों को पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों और उपचुनावों के लिए चुनाव पर्यवेक्षक नियुक्त किया है। ये नियुक्तियां असम, केरल, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल और पुदुचेरी के लिए की गई हैं।
चुनाव आयोग द्वारा केंद्रीय पर्यवेक्षकों के लिए एक ब्रीफिंग मीटिंग का आयोजन किया जा रहा है। यह मीटिंग इंडिया इंटरनेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डेमोक्रेसी एंड इलेक्शन मैनेजमेंट (IIIDEM), प्लॉट नंबर-1, सेक्टर-13, द्वारका, नई दिल्ली में होगी।
ब्रीफिंग मीटिंग तीन अलग-अलग बैचों में आयोजित की जाएगी। आयोग ने सभी नियुक्त अधिकारियों से अपने-अपने निर्धारित बैच, समय और स्थान पर अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने का निर्देश दिया है। साथ ही स्पष्ट किया गया है कि अनुपस्थिति की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है।






