बिलासपुर में GST पर बड़ा मंथन, स्पेशल कमिश्नर का व्यापारियों से सीधा संवाद

बिलासपुर।बिलासपुर में आज GST व्यवस्था को लेकर एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें व्यापारियों की समस्याओं और राज्य में GST राजस्व बढ़ाने के उपायों पर खुलकर चर्चा हुई। यह बैठक कलेक्टर कार्यालय स्थित मंथन सभागार में हुई, जहां GST की स्पेशल कमिश्नर तरन्नुम वर्मा ने व्यापारियों, GST अधिवक्ताओं और टैक्स सलाहकारों से सीधा संवाद किया।
बैठक में शहर के बड़े और छोटे व्यापारी, GST बार एसोसिएशन के सदस्य और टैक्स कंसल्टेंट बड़ी संख्या में मौजूद रहे। चर्चा का मुख्य मुद्दा यह रहा कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ का GST कलेक्शन कम क्यों है और इसमें सुधार कैसे किया जाए।
व्यापारियों ने अपनी समस्याएं रखते हुए बताया कि तकनीकी दिक्कतें, नियमों की जटिलता और जानकारी की कमी के कारण कई लोग समय पर GST रिटर्न फाइल नहीं कर पाते। इस पर स्पेशल कमिश्नर तरन्नुम वर्मा ने सभी बातों को ध्यान से सुना और सुझाव भी मांगे।
GST बार एसोसिएशन की ओर से कुछ अधिकारियों पर अनावश्यक दबाव और परेशान करने के आरोप भी लगाए गए। इस पर स्पेशल कमिश्नर ने साफ कहा कि यदि किसी अधिकारी के खिलाफ भ्रष्टाचार या उत्पीड़न की शिकायत सही पाई जाती है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी।
बैठक के अंत में यह भरोसा दिलाया गया कि पारदर्शिता, संवाद और आपसी सहयोग से GST व्यवस्था को और बेहतर बनाया जाएगा, ताकि व्यापारियों को राहत मिले और राजस्व में भी बढ़ोतरी हो सके।





