फेसबुक दोस्ती के बाद शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, गर्भपात कराने के बाद आरोपी फरार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में रेलवे कर्मचारी द्वारा एक युवती के साथ दुष्कर्म और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोपी ने फेसबुक के जरिए दोस्ती कर युवती को प्रेमजाल में फंसाया और शादी का झांसा देकर शारीरिक शोषण किया। गर्भवती होने पर उसने जबरन गर्भपात भी करा दिया और बाद में शादी से इनकार कर दिया।
पीड़िता उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली है और पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। वर्ष 2024 में उसकी पहचान सोशल मीडिया के माध्यम से बनारस निवासी ऋषभ कुमार सिंह से हुई थी। बातचीत बढ़ने के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और आरोपी ने शादी का वादा किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी ने उसे बनारस बुलाकर एक मकान में ले जाकर पहली बार दुष्कर्म किया। इसके बाद लगातार शारीरिक संबंध बनाता रहा। नवंबर 2024 में युवती गर्भवती हो गई, जिसके बाद आरोपी ने उसे दवा देकर गर्भपात करा दिया।
बाद में आरोपी का रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर चयन हुआ और वह प्रशिक्षण के लिए बिलासपुर आया। नवंबर 2025 में उसने सक्ती स्टेशन के पास कमरा लेकर युवती को बुलाया और कई दिनों तक शारीरिक शोषण किया। इसके बाद उसे वापस भेज दिया।
जनवरी 2026 में पीड़िता बिना सूचना के बिलासपुर पहुंची तो आरोपी ने कार्यालय में उसे पहचानने से इनकार कर दिया। बाद में होटल ले जाकर फिर संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात दोहराई, तो आरोपी ने साफ कह दिया कि उसने कभी विवाह का वादा नहीं किया था और यह सब केवल शारीरिक संबंध के लिए था।
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने तारबाहर थाना में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आरोपी से पूछताछ की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती के बयान और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले में आरोपी की भूमिका की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार किया जा सकता है।





