कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर चंद्राकर का तीखा वार, बोले– दीपक बैज की नहीं होगी रिपीट एंट्री

रायपुर। छत्तीसगढ़ कांग्रेस में नए प्रदेश अध्यक्ष को लेकर चल रही चर्चाओं और कांग्रेस नेताओं के दिल्ली दौरे पर भाजपा नेता अजय चंद्राकर ने तीखा हमला बोला है। चंद्राकर ने दावा किया कि पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल किसी भी स्थिति में दीपक बैज को दोबारा प्रदेश अध्यक्ष नहीं बनने देंगे।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ कांग्रेस में सबसे बड़े नेता भूपेश बघेल हैं और उनसे एक पायदान नीचे देवेंद्र यादव हैं। महासचिव और सचिव के पदों का फर्क बताते हुए चंद्राकर ने तंज कसा कि पार्टी में बैठकें रोज होती हैं, लेकिन पहले भी “ढाई-ढाई साल” का नाटक चलता रहा है।
वहीं SIR प्रकरण में नेता प्रतिपक्ष द्वारा पत्र लिखे जाने पर भी चंद्राकर ने कड़ी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष का काम अब सिर्फ चिट्ठी लिखना रह गया है, इसके अलावा वे कुछ नहीं करते। चंद्राकर ने तंज कसते हुए कहा कि महंत जी ने काम और आसान कर दिया है—बस पत्र लिखिए और चर्चा में बने रहिए।
उन्होंने सवाल उठाया कि भाजपा के दबाव में किसका नाम काटा गया, यह बताएं। चंद्राकर के मुताबिक ये सब केवल अनुमान हैं और नेता प्रतिपक्ष सिर्फ सुर्खियों में बने रहने के लिए पत्र लिख रहे हैं।





