शक और शादी के दबाव में प्रेमिका की हत्या, आरोपी बॉयफ्रेंड गिरफ्तार

बालोद जिले में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है, जहां एक युवक ने शक और गुस्से में अपनी शादीशुदा प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस के अनुसार मृतका की पहचान कमला राजपूत (35) के रूप में हुई है, जो पाररास गांव की रहने वाली थी। आरोपी का नाम नेमीचंद साहू (29) है, जो तरौद गांव का निवासी है। दोनों के बीच पिछले पांच वर्षों से प्रेम संबंध था। आरोपी को शक था कि महिला किसी अन्य व्यक्ति से बातचीत करती है और वह उससे शादी करने का दबाव बना रहा था।

घटना 16 जनवरी की है, जब आरोपी कमला को घुमाने के बहाने गुरामी डैम के पास जंगल ले गया। वहां उसने शराब पी और महिला से विवाद करने लगा। शादी से इनकार करने पर आरोपी गुस्से में आ गया और नशे की हालत में उसका गला दबाकर बेहोश कर दिया।

बेहोश होने के बाद आरोपी ने महिला को करीब 50 मीटर तक घसीटा और फिर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को पत्थरों से ढककर आरोपी मौके से फरार हो गया।

24 जनवरी को ग्रामीणों को जंगल से तेज बदबू आने पर मामले की जानकारी मिली। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और एक सप्ताह पुरानी सड़ी-गली लाश बरामद की। मृतका की पहचान उसकी कलाई पर बने ‘KL’ टैटू के आधार पर की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने विशेष टीम गठित की और कॉल डिटेल, लोकेशन तथा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। सबूत मिलने के बाद आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपना अपराध कबूल कर लिया।

पुलिस ने बताया कि हत्या के बाद आरोपी ने सबूत मिटाने की कोशिश की और मृतका का मोबाइल अलग-अलग स्थानों पर चालू कर जांच को भटकाने का प्रयास किया। फिलहाल आरोपी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button