सरस्वती पूजा पर नशे में स्कूल पहुंचा शिक्षक, वीडियो वायरल, निलंबन की सिफारिश

छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बसंत पंचमी के दिन एक सरकारी शिक्षक नशे की हालत में स्कूल पहुंच गया। सरस्वती पूजा के दौरान शिक्षक की हालत देखकर ग्रामीणों और अभिभावकों ने उसका वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

घटना गुमगरा के जूनापारा प्राइमरी स्कूल की बताई जा रही है। शिक्षक बुद्धेश्वर दास पूजा कार्यक्रम के दौरान नशे में दिखाई दिया और लोगों से बातचीत में बहकी-बहकी बातें करता नजर आया। जब उससे शराब पीने के बारे में पूछा गया तो उसने इनकार करते हुए कहा कि उसने केवल मध्यान्ह भोजन में दाल-भात खाया है।

ग्रामीणों द्वारा नाम पूछे जाने पर भी शिक्षक ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया और टालमटोल करता रहा। वीडियो में वह यह कहते हुए भी नजर आया कि उसने पूजा में “दूसरा प्रसाद” चढ़ाया है। उसकी स्थिति देखकर मौके पर मौजूद लोगों में नाराजगी फैल गई।

ग्रामीणों ने पंचायत स्तर पर ग्राम सभा बुलाकर शिक्षक को स्कूल से हटाने का प्रस्ताव पारित किया। पंचायत प्रतिनिधियों ने आरोप लगाया कि संबंधित शिक्षक पहले भी कई बार शराब पीकर स्कूल आता रहा है और समझाइश के बावजूद उसकी आदत में सुधार नहीं हुआ।

मामले की जानकारी मिलने के बाद लखनपुर विकासखंड शिक्षा अधिकारी ने जांच कराई। जांच में शिक्षक के नशे में स्कूल आने की पुष्टि हुई। इसके बाद उसे निलंबित करने की सिफारिश करते हुए रिपोर्ट जिला शिक्षा अधिकारी को भेज दी गई है।

प्रशासन का कहना है कि मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और छात्रों की पढ़ाई पर असर नहीं पड़ने दिया जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button