रायगढ़ के खेत में एक साथ निकले पांच विशाल अजगर, चार घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित रेस्क्यू

रायगढ़ जिले के पुसौर ब्लॉक स्थित ग्राम जामपाली में एक किसान के खेत से एक साथ पांच विशाल अजगरों का सफल रेस्क्यू किया गया। खेत में अचानक इतने बड़े अजगर दिखने से ग्रामीणों में दहशत फैल गई और लोग अपने खेतों में जाने से भी डरने लगे।
किसान चित्रसेन चौहान के खेत में 21 जनवरी को एक साथ पांच अजगर नजर आए, जिसके बाद स्नैक रेस्क्यू टीम को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची टीम ने देखा कि सभी अजगर खेत की मेड़ में बने बिलों में घुस रहे थे और बार-बार बाहर निकलकर फुफकार रहे थे, जिससे रेस्क्यू कार्य काफी चुनौतीपूर्ण हो गया।
रेस्क्यू टीम के अनुसार सभी अजगरों की लंबाई करीब 8 से 9 फीट और वजन 13 से 15 किलो के बीच था। उन्हें पकड़ने के प्रयास के दौरान कई बार वे बिल में छिप जाते थे। ग्रामीणों के सहयोग से मेड़ में गड्ढा खोदकर एक-एक कर सभी अजगरों को बाहर निकाला गया।
करीब चार घंटे की कड़ी मेहनत के बाद सभी पांचों अजगरों को सुरक्षित बोरी में रखा गया। इसके बाद टीम ने उन्हें पानी पिलाया और नवापाली क्षेत्र के जंगल में ले जाकर खुले स्थान पर सुरक्षित छोड़ दिया।
रेस्क्यू टीम के सदस्य अजय सिंह ने बताया कि इससे पहले भी इस क्षेत्र में सांप निकलने की शिकायत मिलती रही है, लेकिन इस बार एक साथ पांच अजगर दिखाई देना असामान्य था। समय रहते सूचना मिलने से किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
घटना के बाद गांव में सतर्कता बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को खेतों और आसपास के इलाकों में सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने लोगों से अपील की है कि किसी भी जंगली जीव के दिखने पर उसे नुकसान पहुंचाने के बजाय तुरंत संबंधित टीम को सूचना दें।





