बलौदाबाजार स्पंज आयरन प्लांट हादसा, पाइपलाइन लीकेज से 6 मजदूरों की मौत, 5 गंभीर घायल

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले के बकुलाही क्षेत्र में स्थित एक स्पंज आयरन प्लांट में हुए भीषण हादसे में 6 मजदूरों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 5 मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डस्ट सेटलिंग चैंबर से गर्म राख ले जा रही पाइपलाइन में लीकेज होने के कारण यह हादसा हुआ।

यह हादसा गुरुवार सुबह करीब 9:40 बजे कोल किल्न क्षेत्र में हुआ। पाइपलाइन से निकलकर गर्म राख और मलबा नीचे काम कर रहे मजदूरों पर गिर पड़ा, जिससे वे बुरी तरह झुलस गए। धमाके के बाद पूरे इलाके में धुएं का गुबार फैल गया और अफरा-तफरी मच गई।

घायलों को तुरंत इलाज के लिए बिलासपुर के बर्न ट्रीटमेंट सेंटर भेजा गया, जहां उनका उपचार जारी है। मृतकों की पहचान आधार कार्ड के माध्यम से की गई है। सभी मृतक बिहार के रहने वाले बताए जा रहे हैं।

घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक की मौजूदगी में राहत और बचाव कार्य चलाया गया। मलबे में फंसे मजदूरों को बाहर निकाल लिया गया है। हादसे के बाद प्लांट को सील कर दिया गया है और प्रबंधन से पूछताछ की जा रही है।

कंपनी प्रबंधन ने मृतकों के परिजनों को 20 लाख रुपये और घायलों को 5 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। वहीं, कांग्रेस ने मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय समिति गठित करने का ऐलान किया है।

प्लांट मालिक ने बताया कि नियमित हाउसकीपिंग कार्य के दौरान डस्ट मटेरियल नीचे गिर गया, जो अत्यधिक गर्म था। इसी कारण मजदूर उसकी चपेट में आ गए। प्रबंधन ने नियमों के अनुसार सभी प्रभावित परिवारों को मुआवजा देने का आश्वासन दिया है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, हादसे के समय सुबह की शिफ्ट में 50 से अधिक मजदूर काम पर मौजूद थे। सभी की जानकारी और उपस्थिति का सत्यापन किया जा रहा है। श्रम विभाग की टीम भी मामले की जांच में जुटी हुई है।

प्रशासन ने हादसे के कारणों की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button