व्हाट्सऐप के जरिए सट्टा चला रहे गिरोह पर पुलिस की कार्रवाई, 7 आरोपी गिरफ्तार

दुर्ग-भिलाई क्षेत्र में मोबाइल व्हाट्सऐप ग्रुप बनाकर जुआ-सट्टा खेलने और खिलाने वाले लोगों के खिलाफ पुलिस ने सख्त कदम उठाया है। पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों में कुल सात आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से सात मोबाइल फोन और 23 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि भिलाई नगर थाना क्षेत्र के सिविक सेंटर इलाके में कुछ लोग खुलेआम मोबाइल के जरिए सट्टा खेल रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और नरेश देवांगन को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से एक मोबाइल फोन और 3 हजार रुपए नकद सट्टा राशि बरामद की गई। वहीं मौके पर मौजूद चिण्टू कुमार के पास से भी एक मोबाइल फोन और 5 हजार रुपए नकद मिले। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
इसी तरह दूसरी कार्रवाई में सेक्टर-06 सी मार्केट क्षेत्र में सट्टा खिलाने की सूचना पर पुलिस ने छापा मारा। यहां से कृष्णा जी प्रसाद उर्फ गोलू, भीष्म कुमार देवांगन, दीपक कुमार, गिरधर रेड्डी और संजय सेनापति को पकड़ा गया। इनके पास से पांच मोबाइल फोन, 15 हजार रुपए नकद और सट्टा नंबर लिखी एक कॉपी जब्त की गई।
गिरफ्तार सभी आरोपी दुर्ग-भिलाई क्षेत्र के रहने वाले हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध जुआ-सट्टा के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और इसमें शामिल लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।





