अंबिकापुर: हसदेव अरण्य में आदिवासियों ने कांग्रेस नेताओं का प्रवेश रोका

अंबिकापुर।हसदेव अरण्य क्षेत्र में आज तनाव की स्थिति बन गई, जब आदिवासी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रांत भूरिया और पूर्व छत्तीसगढ़ अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष भानुप्रताप सिंह को क्षेत्र में प्रवेश करने से रोक दिया गया।
जानकारी के अनुसार, दोनों नेता उदयपुर के हसदेव अरण्य इलाके में पहुंचे थे, लेकिन स्थानीय ग्रामीणों ने विरोध करते हुए कहा कि क्षेत्र में किसी भी तरह की राजनीतिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ग्रामीणों ने नेताओं से स्पष्ट कहा कि हमारे मुद्दों का राजनीतिक इस्तेमाल बंद करें और यहां राजनीति करने मत आइए।
ग्रामीणों का कहना था कि हसदेव अरण्य संवेदनशील वन क्षेत्र है और आदिवासी लंबे समय से अपने जल, जंगल और जमीन को लेकर संघर्ष कर रहे हैं। राजनीतिक नेताओं का आना केवल माहौल बिगाड़ सकता है। विरोध के दौरान मौके पर नारेबाजी भी हुई, जिसके बाद दोनों नेताओं को बिना क्षेत्र में प्रवेश किए ही लौटना पड़ा।
घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय प्रशासन और पुलिस सतर्क रही, लेकिन स्थिति शांतिपूर्ण बनी रही। इस पूरे घटनाक्रम ने हसदेव अरण्य में चल रहे जनआंदोलन और राजनीतिक हस्तक्षेप को लेकर बहस को फिर से तेज कर दिया है।





