ऑटो एक्सपो–2026: वाहनों पर 50% आरटीओ टैक्स में बड़ी छूट

रायपुर।छत्तीसगढ़ में आम लोगों को सस्ती दरों पर वाहन खरीदने का बड़ा मौका मिल रहा है। परिवहन विभाग की अधिसूचना के अनुसार रायपुर ऑटोमोबाइल डीलर्स एसोसिएशन द्वारा 20 जनवरी से 5 फरवरी 2026 तक ऑटो एक्सपो–2026 का आयोजन श्री राम बिजनेस पार्क, एमजीएम हॉस्पिटल के सामने, विधानसभा रोड सड्डू रायपुर में किया जा रहा है। इस ऑटो एक्सपो में बिकने वाले वाहनों पर जीवनकाल कर (आरटीओ टैक्स) में 50 प्रतिशत की एकमुश्त छूट दी जा रही है।
इस एक्सपो की खास बात यह है कि इसका लाभ पूरे छत्तीसगढ़ के नागरिकों को मिलेगा। वाहन खरीदने के लिए लोगों को रायपुर आना जरूरी नहीं होगा, वे अपने जिले या नजदीकी पंजीकृत डीलर के माध्यम से वाहन खरीद सकते हैं। खरीदे गए वाहन का पंजीयन भी अपने गृह जिले के आरटीओ कोड से कराया जा सकेगा।
ऑटो एक्सपो–2026 में दोपहिया, तिपहिया, चारपहिया सहित सभी प्रकार के वाहन और नवीनतम मॉडल एक ही मंच पर उपलब्ध होंगे। देश के प्रमुख बैंक और फाइनेंस कंपनियां कम ब्याज दर पर वाहन ऋण उपलब्ध करा रही हैं, वहीं बीमा कंपनियां भी न्यूनतम दरों पर बीमा सुविधा दे रही हैं। इससे ग्राहकों को अतिरिक्त आर्थिक लाभ मिलेगा।
इस ऑटो एक्सपो में रायपुर जिले के 95 और अन्य जिलों के 171 डीलर्स सहित कुल 266 डीलर्स भाग ले रहे हैं। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और छोटे डीलर्स को भी रोजगार के अवसर मिलेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 के ऑटो एक्सपो में 29,348 वाहनों की बिक्री हुई थी और लगभग 120 करोड़ रुपये की आरटीओ टैक्स छूट आम जनता को मिली थी। इसी उम्मीद के साथ ऑटो एक्सपो–2026 को भी प्रदेशवासियों के लिए किफायती और लाभकारी अवसर माना जा रहा है।





