धमतरी में देर रात सड़क किनारे दिखे नर-मादा तेंदुए, वन विभाग ने ग्रामीणों को किया सतर्क

छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में सीतानदी अभ्यारण्य के पास देर रात सड़क किनारे दो तेंदुए देखे गए। वन विभाग की टीम ने एक नर और एक मादा तेंदुए को एक साथ विचरण करते हुए कैमरे में कैद किया है। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों को सतर्क रहने की हिदायत दी गई है।

जानकारी के अनुसार, यह दृश्य उस समय सामने आया जब सीतानदी अभ्यारण्य की एसडीओ टीम रात के समय नियमित निरीक्षण पर निकली थी। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में वन्य प्राणियों का जंगल से बाहर आना सामान्य माना जाता है, इसी कारण वन विभाग द्वारा लगातार निगरानी की जाती है।

उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के डीएफओ वरुण जैन ने बताया कि देखे गए दोनों तेंदुए नर और मादा थे, जो सड़क किनारे एक साथ घूमते नजर आए। उन्होंने कहा कि एहतियात के तौर पर आसपास के गांवों को अलर्ट कर दिया गया है, ताकि किसी तरह की अनहोनी न हो।

डीएफओ ने यह भी जानकारी दी कि क्षेत्र में हाल ही में बाघ के पगचिह्न और मल मिलने के संकेत मिले हैं। हालांकि, इसकी पुष्टि कैमरा ट्रैप में तस्वीर आने के बाद ही हो सकेगी। वन विभाग द्वारा एक सप्ताह के भीतर बाघ की मौजूदगी की पुष्टि के लिए करीब 200 कैमरे लगाए जाने की योजना है।

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि रात के समय जंगल और सड़क किनारे अनावश्यक आवाजाही से बचें और किसी भी वन्य प्राणी के दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button