छत्तीसगढ़-झारखंड सीमा पर बस हादसा, सगाई में जा रहे 10 लोगों की मौत, 78 घायल

छत्तीसगढ़ और झारखंड की सीमा पर हुए भीषण सड़क हादसे में मौत का आंकड़ा बढ़कर 10 हो गया है। इलाज के दौरान एक और व्यक्ति की जान चली गई। इस दुर्घटना में कुल 78 लोग घायल हुए हैं, जिनमें 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।
यह हादसा झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा घाट के पास हुआ। जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के कई गांवों से लोगों को लेकर सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थी। बस में कुल 86 यात्री सवार थे।
बताया जा रहा है कि घाटी वाले रास्ते में उतरते समय बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया। तेज रफ्तार बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे लगे सेफ्टी गार्ड को तोड़ते हुए पेड़ से टकराई और करीब 20 फीट नीचे गिरकर पलट गई। हादसे में 5 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि अन्य घायलों में से 5 ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व एंबुलेंस को सूचना दी। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद गुमला, लातेहार, अंबिकापुर और रांची के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। कई घायलों को देर रात तक रेफर किया गया।
बस चालक ने बताया कि उसे ढलान पर ब्रेक फेल होने का अहसास हुआ था। स्थिति संभालने के लिए हैंड ब्रेक लगाया गया और इंजन बंद करने की कोशिश की गई, लेकिन ढलान अधिक होने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं पाया जा सका।
हादसे पर राज्य सरकार ने शोक व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गंभीर रूप से घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज उपलब्ध कराया जाए। प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर राहत और शवों को उनके गृह जिले तक पहुंचाने की व्यवस्था में जुटी हुई है।





