बगीचा CHC को लेकर भ्रम दूर, अब पूरी तरह 100 बिस्तरीय अस्पताल: CMHO जशपुर

बगीचा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) बगीचा को लेकर कुछ माध्यमों में यह कहा जा रहा था कि पहले 100 बिस्तरीय अस्पताल की घोषणा हुई थी, लेकिन उद्घाटन सिर्फ 30 बिस्तरों का किया गया। इस पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) जशपुर ने स्थिति साफ करते हुए इसे भ्रामक और तथ्यहीन बताया है।
CMHO ने बताया कि वर्ष 2022 में छत्तीसगढ़ शासन के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग ने बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के नए भवन निर्माण की स्वीकृति दी थी। यह स्वीकृति केवल 30 बिस्तरीय भवन की संरचना के लिए थी, जिसकी लागत करीब 243.72 लाख रुपये तय की गई थी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह निर्णय सिर्फ भवन निर्माण से जुड़ा था, इससे अस्पताल की अंतिम इलाज क्षमता तय नहीं होती।
राज्य में नई सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए ठोस कदम उठाए गए। इसी कड़ी में वर्ष 2024 में बगीचा CHC को 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में उन्नत करने की स्वीकृति दी गई। इसके तहत शासन ने कुल 94 पदों को मंजूरी दी, जिसमें विशेषज्ञ डॉक्टर, मेडिकल ऑफिसर, नर्सिंग स्टाफ, पैरामेडिकल और सहायक कर्मचारी शामिल हैं।

CMHO जशपुर ने कहा कि 94 पदों की स्वीकृति यह साफ दर्शाती है कि बगीचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को पूरी तरह 100 बिस्तरीय अस्पताल के रूप में विकसित किया गया है। इसलिए 100 बिस्तरीय अस्पताल को 30 बिस्तरीय बताने का प्रचार पूरी तरह गलत है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में बगीचा CHC को नई पहचान मिली है, जिससे क्षेत्र के लोगों को अब बेहतर, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकेंगी।





