बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर जल्द मिलेगी ‘हॉल्टिंग वे’ सुविधा, कम शुल्क में आसान पार्किंग

बिलासपुर।रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और उनके परिजनों के लिए राहत भरी खबर है। स्टेशन के सामने जल्द ही ‘हॉल्टिंग वे’ सुविधा शुरू की जा रही है, जिससे अब ट्रेन का इंतजार करना या किसी अपने को रिसीव करना पहले से कहीं ज्यादा आसान हो जाएगा।
रेलवे प्रशासन द्वारा शुरू की जा रही इस नई व्यवस्था के तहत लोग बेहद कम शुल्क में तय समय तक अपने वाहन खड़े कर सकेंगे। इससे न तो महंगी पार्किंग का झंझट रहेगा और न ही सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर जुर्माना भरने की परेशानी होगी।
फिलहाल स्टेशन में प्रीमियम पार्किंग और ड्रॉप एंड गो सुविधा मौजूद है, लेकिन आम लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए अब हॉल्टिंग वे विकसित की जा रही है। यह सुविधा स्टेशन के सामने रेल कोच रेस्टोरेंट से लगी खाली जमीन पर बनाई जाएगी। पहले जमीन का विकास किया जाएगा और बाद में इसे ठेके पर दिया जाएगा।
नई व्यवस्था के अनुसार दोपहिया वाहन के लिए 3 घंटे का शुल्क मात्र 5 रुपए और चारपहिया वाहन के लिए 4 घंटे का शुल्क सिर्फ 10 रुपए प्रस्तावित है। इसके अलावा हॉल्टिंग वे परिसर में चाय की दुकान, वाहन सफाई और छोटे-मोटे काम की सुविधाएं भी उपलब्ध रहेंगी।
इस सुविधा का सबसे बड़ा फायदा यह होगा कि जैसे ही यात्री प्लेटफॉर्म पर पहुंचेगा, कॉल मिलने पर वाहन चालक सीधे ड्रॉप एंड गो पॉइंट तक पहुंचकर बिना किसी परेशानी के उसे रिसीव कर सकेगा।
अभी स्टेशन के सामने तितली चौक, सेकरसा मैदान और आरक्षण कार्यालय तक सड़क किनारे वाहन खड़ा करने पर रेलवे कार्रवाई करता है। हॉल्टिंग वे शुरू होने से यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी और स्टेशन परिसर की यातायात व्यवस्था भी ज्यादा सुचारू हो सकेगी।





