धान खरीदी केंद्रों का कलेक्टर ने किया औचक निरीक्षण, लापरवाही पर कार्रवाई

कोरबा। खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था का जायजा लेने के लिए कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कोरबा और करतला विकासखंड के विभिन्न उपार्जन केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनियमितताएं सामने आने पर तिलकेजा समिति प्रबंधक को निलंबित किया गया, जबकि चिकनीपाली प्रबंधक को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया।

कलेक्टर ने भैंसमा, तिलकेजा और चिकनीपाली उपार्जन केंद्रों में चल रही धान खरीदी प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने समिति प्रबंधकों और फड़ प्रभारियों से अब तक की गई खरीदी, पंजीकृत किसानों की संख्या, जारी किए गए टोकन, धान उठाव की स्थिति और बारदाना की उपलब्धता की जानकारी ली।

इस दौरान धान की नमी की जांच और वजन कराकर भौतिक सत्यापन भी किया गया। कलेक्टर ने मौके पर मौजूद किसानों से बातचीत कर टोकन मिलने की प्रक्रिया, केंद्रों पर उपलब्ध सुविधाएं, खेती की स्थिति और धान की किस्मों के बारे में भी जानकारी हासिल की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पात्र किसानों को धान बेचने में किसी तरह की परेशानी न हो और खरीदी प्रक्रिया पूरी पारदर्शिता के साथ समय पर पूरी की जाए।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button