महादेव ऑनलाइन बुक केस में ED की बड़ी कार्रवाई, 21.45 करोड़ की संपत्तियां अटैच

नई दिल्ली/रायपुर। महादेव ऑनलाइन बुक (MOB) से जुड़े अंतरराष्ट्रीय अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बार फिर कड़ा शिकंजा कसा है। मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के तहत ED रायपुर जोनल कार्यालय ने करीब 21.45 करोड़ रुपए की चल और अचल संपत्तियों को अस्थायी रूप से अटैच (जब्त) किया है। इस कार्रवाई से सट्टेबाजी से जुड़े नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

ED द्वारा अटैच की गई संपत्तियों में लगभग 98.55 लाख रुपए की चल संपत्ति और भारत व दुबई में स्थित 27 अचल संपत्तियां शामिल हैं। इन संपत्तियों में आवासीय मकान, व्यावसायिक दुकानें, कृषि भूमि और लग्जरी अपार्टमेंट शामिल बताए गए हैं। जांच एजेंसी का कहना है कि ये सभी संपत्तियां अवैध सट्टेबाजी से अर्जित पैसों से खरीदी गई थीं।

ED के अनुसार, इस कार्रवाई में महादेव ऑनलाइन बुक के मुख्य प्रमोटर और फरार आरोपी रवि उप्पल की दुबई में स्थित करीब 6.75 करोड़ रुपए की संपत्तियां भी अटैच की गई हैं। बताया गया है कि रवि उप्पल लंबे समय से दुबई में रहकर पूरे अवैध नेटवर्क का संचालन कर रहा था।

इसके अलावा, सौरभ चंद्राकर के करीबी सहयोगी रजत कुमार सिंह की भिलाई और दुबई स्थित संपत्तियों पर भी कार्रवाई की गई है। रजत कुमार सिंह पर 15 से 20 करोड़ रुपए की अवैध कमाई का आरोप है। वहीं, सौरभ आहूजा और विशाल रमानी की दुर्ग और भिलाई स्थित संपत्तियां भी ED के दायरे में आई हैं। इन दोनों पर करीब 30 करोड़ रुपए की अवैध कमाई करने का आरोप है।

ED ने विनय कुमार और हनी सिंह की जयपुर और नई दिल्ली स्थित संपत्तियों के साथ-साथ उनके लग्जरी वाहन महिंद्रा थार और टोयोटा फॉर्च्यूनर को भी अटैच किया है। दोनों पर करीब 7 करोड़ रुपए की अवैध कमाई का आरोप है। इसके अलावा लकी गोयल की राजस्थान स्थित दुकानें और प्लॉट भी जब्त किए गए हैं।

ED ने बताया कि यह पूरा नेटवर्क फ्रेंचाइजी मॉडल पर काम कर रहा था, जिसे दुबई से संचालित किया जा रहा था। जांच में यह भी सामने आया कि अवैध कमाई को छिपाने के लिए हजारों फर्जी बैंक खातों का इस्तेमाल किया गया।

अब तक ED इस मामले में देशभर में 175 से अधिक ठिकानों पर छापेमारी कर चुकी है। एजेंसी के अनुसार, कुल मिलाकर 2,621 करोड़ रुपए से अधिक की संपत्तियां जब्त, फ्रीज या अटैच की जा चुकी हैं। ED ने साफ किया है कि जांच अभी जारी है और आने वाले दिनों में और भी बड़ी कार्रवाई हो सकती है।

 

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई