शराब घोटाला मामला: सौम्या चौरसिया ने हाईकोर्ट(Highcourt) में दाखिल की जमानत याचिका

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाले से जुड़े मामले में एक अहम कानूनी घटनाक्रम सामने आया है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) द्वारा गिरफ्तारी के बाद सौम्या चौरसिया ने छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट(Highcourt) में जमानत याचिका दाखिल की है। इस याचिका पर कल सुनवाई होने की संभावना है।
इससे पहले आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (ईओडब्ल्यू) द्वारा सौम्या चौरसिया के खिलाफ जारी प्रोडक्शन वारंट पर 8 जनवरी को सुनवाई प्रस्तावित है। वहीं, इस मामले का ट्रायल 13 जनवरी से शुरू होने वाला है।
बताया जा रहा है कि छत्तीसगढ़ शराब घोटाले की जांच ईडी द्वारा की जा रही है। इस प्रकरण में ईडी ने एसीबी में एफआईआर दर्ज कराई है, जिसमें करीब 3200 करोड़ रुपये से अधिक के घोटाले का आरोप लगाया गया है। जांच के दौरान यह मामला लगातार नए खुलासों के चलते चर्चा में बना हुआ है।
ईडी ने अदालत को बताया है कि तत्कालीन भूपेश सरकार के कार्यकाल में यह कथित घोटाला एक संगठित सिंडिकेट के माध्यम से किया गया। जांच एजेंसी के अनुसार, इस सिंडिकेट में तत्कालीन आईएएस अधिकारी अनिल टुटेजा, आबकारी विभाग के तत्कालीन एमडी एपी त्रिपाठी और कारोबारी अनवर ढेबर की प्रमुख भूमिका रही है।
मामले में राजनेताओं, आबकारी विभाग के अधिकारियों और कारोबारियों समेत कई लोगों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज की गई है। फिलहाल जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क की कड़ियों को जोड़ते हुए मामले की गहन जांच में जुटी हुई हैं।





